
चंदौली। शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कंदवा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त टीम ने सोमवार तड़के कंदवा थाने के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग के दौरान 12 चक्का ट्रक से 147 पेटी यानी 1354.8 लीटर अवैध अंग्रेजी, देशी शराब और बीयर बरामद की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया।
पुलिस के अनुसार 14 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि शराब से लदा ट्रक कंदवा की ओर से गुजरने वाला है। इसके बाद पुलिस टीम ने थाने के सामने बैरियर लगाकर वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान UP60BT9648 नंबर के 12 चक्का ट्रक का चालक वाहनों की कतार से हटकर यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम रिंकू चौहान निवासी हिनौता, थाना अहरौरा, मिर्जापुर बताया। ट्रक के डाले की तलाशी लेने पर उसमें लोहे की चादर से बना विशेष गुप्त चैम्बर मिला। इसी चैम्बर में शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने ट्रक से ब्लेंडर प्राइड की एक पेटी में नौ लीटर, 8 पीएम की 45 पेटी में 388.8 लीटर, किंगफिशर एक्सट्रा स्पेशल स्ट्रांग बीयर की 16 पेटी में 192 लीटर और ब्ल्यू लाइम देशी शराब की 85 पेटी में 765 लीटर बरामद की। इसके अलावा चालक के पास से एक हजार रुपये नकद और नोकिया का की-पैड मोबाइल भी मिला।
बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने की थी साजिश
पूछताछ में चालक ने पुलिस को बताया कि बिहार में शराबबंदी का फायदा उठाकर वह ट्रक मालिक और शराब दुकान के सेल्समैन के सहयोग से कंदवा क्षेत्र की दुकानों से शराब खरीदता था। इसके बाद ट्रक के डाले में लोहे की चादर के नीचे बनाए गए गुप्त चैम्बर में शराब छिपाकर बिहार ले जाता था। वहां शराब को ऊंचे दामों पर बेचने के बाद होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लिया जाता था।
पुलिस ने ट्रक को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। मामले में कंदवा थाने में मु0अ0सं0 77/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वाहन के ई-चालान ऐप से सत्यापन में चेसिस और इंजन नंबर सही पाए गए। वाहन स्वामी हरिशंकर यादव निवासी डुमरी, थाना फेफना, बलिया बताया गया है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष विनोद कुमार अंचल, उपनिरीक्षक कमलेश कुमार समेत कंदवा पुलिस टीम तथा स्वाट प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा सहित दोनों टीमों के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

