
चंदौली। जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए चन्दौली पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए खोए और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में CEIR पोर्टल से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए कुल 121 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन को विभिन्न स्थानों से ट्रेस कर बरामद किया। सोमवार को पुलिस लाइन के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में इन सभी मोबाइलों को उनके स्वामियों को सौंपा। अपने खोए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।
पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों और लगातार प्रयासों के जरिए यह सफलता हासिल की। बरामद किए गए मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 36 लाख 30 हजार रुपये बताई जा रही है। यह अभियान न सिर्फ पुलिस की सक्रियता को दर्शाता है, बल्कि आम जनता के बीच विश्वास भी मजबूत करता है। बरामद मोबाइलों में सबसे अधिक 47 मोबाइल सकलडीहा थाना क्षेत्र से मिले, जबकि चंदौली थाना क्षेत्र से 21, मुगलसराय से 9, बबुरी से 7 और नौगढ़ व धानापुर से 6-6 मोबाइल बरामद किए गए। इसके अलावा अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
इस अभियान में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव और सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में टीम के अन्य पुलिसकर्मियों ने अहम भूमिका निभाई। उनकी मेहनत और तकनीकी दक्षता के चलते यह बड़ी सफलता संभव हो सकी।

