
चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने कर्तव्यपालन में लापरवाही बरतने के मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई एक शिकायत के आधार पर की गई, जिसमें पीड़ित पक्ष ने न्याय न मिलने की बात उठाई थी।
जनसुनवाई के दौरान एक आवेदक ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके पिता के साथ पिछले महीने थाना मुगलसराय क्षेत्र में मारपीट की गंभीर घटना हुई थी। घटना में घायल व्यक्ति की स्थिति गंभीर बनी हुई है और वह वाराणसी में इलाज करा रहे हैं। बावजूद इसके, संबंधित प्रकरण में अब तक अपेक्षित कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।
मामले की समीक्षा के दौरान थाने से प्राप्त रिपोर्ट में सामने आया कि 28 मार्च 2026 को हुए हमले में पीड़ित के सिर पर गंभीर चोटें आई हैं और वह बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। इसके बावजूद विवेचक द्वारा मामले में गंभीर धाराओं को नहीं जोड़ा गया, जो कि पुलिस कार्यप्रणाली में गंभीर लापरवाही मानी गई।
इस पर पुलिस अधीक्षक ने तत्काल प्रभाव से उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही सभी थानाध्यक्षों को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं कि किसी भी मामले में धाराओं का अनावश्यक न्यूनीकरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में ऐसी लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

