चंदौली। सूबे में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर चल रही अटकलों के बीच राज्य निर्वाचन आयोग ने अब पंचायत मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 10 जून कर दी है। इसके मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मातहतों को आवश्यक निर्देश जारी किया है। इसके तहत त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का वृहद् पुनरीक्षण का कार्य कराया जाएगा।
मतदाताओं के Deduplication व कम्प्यूटरीकरण की कार्यवाही
21 अप्रैल से 28 मई तक की जाएगी। वहीं कम्प्यूटरीकरण के उपरान्त 29 मई से 9 जून तक मतदान केन्द्र / स्थलों का क्रमांकन, मतदेय स्थलों के वाडों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, SVN आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग, फोटो प्रतियां आदि कराने की कार्यवाही की जाएगी।
निर्वाचक नामावलियों का जनसामान्य के लिए अन्तिम प्रकाशन 10 जून को किया जाएगा। आयोग ने निर्देश जारी किया है कि निर्वाचक नामावली के वृहद् पुनरीक्षण के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेंगे और निर्धारित् समय सारिणी के अनुसार निर्वाचक नामावली के पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कराया जाएगा।
मतदाताओं का होगा सत्यापन
मतदाता सूची के अनन्तिम प्रकाशन के उपरान्त समान रूप से प्रदर्शित हो रहे मतदाताओं के नामों के सत्यापन व जांचोंपरान्त विलोपन के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने गाइडलाइन जारी की है। आयोग ने पत्र जारी कर कहा है कि अनन्तिम प्रकाशन के उपरान्त जनपद स्तर पर पंचायत निर्वाचक नामावली में Deduplication से सम्बन्धित किया गया कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं है। ग्राम पंचायतवार मतदाताओं का नाम एक से अधिक बार दर्ज है जिनके नाम, पिता/पति का नाम व लिंग समान हैं। आयोग की ओर से ऐसे नामों पर घोर आपत्ति प्रकट की गई है। साथ ही निर्देशित किया गया है कि निर्वाचक नामावली में सम्भावित एक से अधिक बार दर्ज मतदाताओं के नामों में पुनः Deduplication की कार्यवाही कराकर मतदाता सूची में विद्यमान उपरोक्त त्रुटियों का निराकरण प्राथमिकता के आधार पर 15 मई तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलिता अक्षम्य होगी। जिन विकास खण्डों में उपरोक्त कार्य निर्धारित तिथि के अन्तर्गत गुणवत्तापूर्ण ढंग से सम्पन्न नहीं होगा वहां के सहायक विकास अधिकारी व खण्ड विकास अधिकारी व्यक्तिगत रूप से उत्तरदायी होंगे।

