ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: विश्व हृदय दिवस पर यथार्थ नर्सिंग कॉलेज में जागरुकता कार्यक्रम, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश

चंदौली। विश्व हृदय दिवस के अवसर पर सोमवार को यथार्थ नर्सिंग कॉलेज एंड पैरामेडिकल इंस्टीट्यूट की ओर से जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डॉ. आर.डी. मेमोरियल हॉस्पिटल और पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला संयुक्त चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रमों में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर लोगों को हृदय रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

 

डॉ. आर.डी. मेमोरियल हॉस्पिटल में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. शुभम सिंह ने हृदय रोगों के बढ़ते मामलों पर चर्चा करते हुए कहा कि अनियमित खान-पान, शारीरिक गतिविधियों की कमी, तनाव, धूम्रपान और अस्वस्थ जीवनशैली हृदय रोगों के प्रमुख जोखिम कारक हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। डॉ. दिव्यांगी पांडे ने हृदय स्वास्थ्य के लिए दैनिक जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव को जरूरी बताया। उन्होंने हृदय रोग के संभावित लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने और जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।

 

जिला संयुक्त चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में सीएमएस डॉ. एसपी सिंह ने कहा कि हृदय स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना जरूरी है। उन्होंने लोगों से नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने का आह्वान किया। कार्डियक स्पेशलिस्ट डॉ. विकास मौर्य ने हृदय रोगों के कारण, लक्षण और बचाव के उपाय बताए। उन्होंने रक्तचाप, रक्त शर्करा और कोलेस्ट्रॉल की नियमित जांच कराने पर जोर दिया।

 

एमडी मेडिसिन डॉ. स्वप्नी ने स्वस्थ खान-पान, नियमित शारीरिक गतिविधि और तनाव प्रबंधन को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम में डॉ. विवेकानंद, एचओडी, डॉ. खुशबू, डॉ. राहुल, ओपीडी सिस्टर इंचार्ज सिल्पी सिंह और गीता जायसवाल सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

 

यथार्थ नर्सिंग कॉलेज की फैकल्टी गाजाला नाजमीन, विजय लक्ष्मी, नेहा और निक्की के साथ बीएससी नर्सिंग तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भी सहभागिता की। छात्र-छात्राओं ने संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, तनाव नियंत्रण, धूम्रपान व तंबाकू से दूरी और नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति लोगों को जागरूक किया। कार्यक्रम का उद्देश्य हृदय रोगों की रोकथाम के लिए आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के प्रति प्रेरित करना रहा।

 

Back to top button
error: Content is protected !!