ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: गुरु पूर्णिमा के मद्देनजर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने अवधूत भगवान राम आश्रम का किया निरीक्षण

चंदौली। पड़ाव स्थित अवधूत भगवान राम आश्रम में आगामी गुरु पूर्णिमा महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आश्रम प्रबंधन सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा है। शनिवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर तथा वाराणसी और चंदौली के अधिकारियों ने आश्रम परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने आश्रम परिसर में चल रहे साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा की। साथ ही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सड़क से आश्रम के मुख्य द्वार तक पहुंच मार्ग का निरीक्षण करते हुए पेड़ों की कटाई-छंटाई, मार्ग की मरम्मत और आवागमन को सुगम बनाने के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के लिए रास्ते को पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जाए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

 

आश्रम प्रबंधन से बातचीत के दौरान जिलाधिकारी ने संभावित श्रद्धालुओं की संख्या, आवास, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की प्राथमिकता है और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था, यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। साथ ही आयोजन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने पर बल दिया।

Back to top button
error: Content is protected !!