
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के तम्मागढ़ गांव में बुधवार दोपहर भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। करीब दो बजे लगी आग ने देखते ही देखते दलित बस्ती को अपनी चपेट में ले लिया और एक दर्जन से अधिक घर जलकर खाक हो गए। वहीं मासूम झुलस गई। इस हादसे में करीब 20 लोगों का आशियाना उजड़ गया, जिससे पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह लगभग 10 बजे सबल जलालपुर–रहपुरी गांव के पास खेतों में किसी व्यक्ति द्वारा पराली या झाड़-झंखाड़ में आग लगाई गई थी। तेज हवा के कारण यह आग धीरे-धीरे फैलती हुई विकराल रूप धारण कर गई और करीब दो किलोमीटर दूर स्थित तम्मागढ़ गांव तक पहुंच गई। दोपहर तक आग ने बस्ती को घेर लिया और देखते ही देखते कई घर इसकी चपेट में आ गए।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि लोग अपने घरों से सामान तक नहीं निकाल सके। इस दौरान 9 वर्षीय बच्ची पल्लवी आग की चपेट में आकर झुलस गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
इस भीषण आग में सचनु राम, ज्वाला राम, बब्बन, अशोक, श्रीकृष्ण, रूपचंद, रामनरेश, मोती, गंगा, श्याम, चंद्रावती और उमाशंकर सहित कई परिवारों के घर और उनकी पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई। पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे आ गए हैं और उनके सामने रहने-खाने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति का जायजा लेने में जुटा रहा। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत और मुआवजे की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।

