
चंदौली। अलीनगर पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले एक सक्रिय अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 5 लाख रुपये मूल्य के चोरी किए गए उपकरण भी बरामद किए हैं। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने गिरफ्तारी और बरामदगी के बाबत जानकारी दी।
29 मार्च को थाना क्षेत्र के ग्राम सदलपुरा स्थित एक मोबाइल टावर (इंडस टावर) से महंगे इलेक्ट्रॉनिक कार्ड चोरी होने की घटना सामने आई थी। इस मामले में स्थानीय पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान स्वाट और सर्विलांस टीम की मदद से तथा घटनास्थल से मिले इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए अलीनगर पुलिस टीम ने मंगलवार की देर रात मुखबिर की सूचना पर गोधना अंडरपास के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मनीष कुमार, निवासी बहुआर थाना जमालपुर, जनपद मिर्जापुर तथा कमलेश पटेल, निवासी सरैया कमरहट्टा थाना पड़री, जनपद मिर्जापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने अभियुक्तों के पास से तीन अंजना नोकिया टावर उपकरण, दो मोबाइल फोन (एक वीवो और एक सैमसंग) तथा 250 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न मोबाइल टावरों से कीमती कार्ड और उपकरण चोरी कर बस के माध्यम से दिल्ली ले जाकर अपने अन्य साथियों को बेच देते थे। एक-एक कार्ड की कीमत करीब 30 हजार रुपये मिलती थी। उन्होंने यह भी कबूल किया कि सदलपुरा टावर से चोरी किया गया सामान पहले ही दिल्ली में बेच दिया गया था, जिसका भुगतान आंशिक रूप से ऑनलाइन (यूपीआई) और कुछ नकद में प्राप्त हुआ।
दोनों अभियुक्तों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सफलता में थाना अलीनगर की पुलिस टीम के साथ स्वाट एवं सर्विलांस इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

