क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: तेज रफ्तार डंफर का कहर, बाइक सवार युवक को रौंदा, मौत

चंदौली। भारतमाला परियोजना के तहत चल रहे मिट्टी ढुलाई कार्य में लगे भारी वाहनों की तेज रफ्तार ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। बुधवार दोपहर शहाबगंज क्षेत्र के करनौल तिराहे के पास हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।

धानापुर थाना क्षेत्र के भदाहूं गांव निवासी हलचल (30) पुत्र शंकर नौगढ़ में अपने भाई से मुलाकात कर बाइक से घर लौट रहे थे। अपराह्न करीब तीन बजे करनौल तिराहे के समीप मिट्टी लदे एक तेज रफ्तार डंफर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। दुर्घटना में शामिल डंफर और उसके चालक को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि भारतमाला परियोजना के कार्यों के चलते सड़कों पर भारी वाहनों की आवाजाही लगातार बढ़ गई है। तेज रफ्तार, सड़क पर गिरती मिट्टी और उड़ती धूल राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन चुकी है। लोगों का कहना है कि पिछले दस दिनों में यह तीसरी बड़ी दुर्घटना है, लेकिन जिम्मेदार एजेंसियां अब तक प्रभावी कदम नहीं उठा सकी हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण, नियमित जांच अभियान और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी बड़े हादसे हो सकते हैं।

थानाध्यक्ष कृपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन और चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!