
चंदौली। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों और CEIR पोर्टल के माध्यम से दर्ज सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चंदौली पुलिस ने एक सराहनीय उपलब्धि हासिल की है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में स्वाट एवं सर्विलांस टीम ने विभिन्न स्थानों से कुल 111 गुमशुदा और खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 33.30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने मोबाइल बरामदगी के लिए गठित टीमों को तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग कर गुमशुदा मोबाइलों का पता लगाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद स्वाट और सर्विलांस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए विभिन्न जनपदों और क्षेत्रों से मोबाइल फोन ट्रेस कर उन्हें बरामद किया।

बुधवार को पुलिस लाइन चंदौली के नवीन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक सदर की उपस्थिति में बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। लंबे समय से अपने मोबाइल की तलाश कर रहे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई। मोबाइल प्राप्त करने वाले लोगों ने चंदौली पुलिस की कार्यशैली और तत्परता की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
बरामद मोबाइलों में चंदौली थाना क्षेत्र से 25, सकलडीहा से 27, मुगलसराय से 12, धीना से 11, सैयदराजा से 8 तथा अन्य थानों से बरामद मोबाइल शामिल हैं। इसके अलावा सर्विलांस सेल ने भी 7 मोबाइल बरामद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस अभियान की सफलता में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक रामजनम यादव तथा सर्विलांस टीम प्रभारी आशीष मिश्रा के नेतृत्व में कार्यरत पुलिसकर्मियों का विशेष योगदान रहा। टीम के सदस्यों ने तकनीकी दक्षता और निरंतर प्रयासों के बल पर लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

