
चहनिया। बलुआ थाना क्षेत्र के नैढ़ी गांव में मंगलवार की देर रात चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर लिए। घटना की जानकारी बुधवार को परिवार के घर लौटने पर हुई।
पीड़ित शिवदास यादव ने बताया कि उनका पूरा परिवार खाटू श्याम दर्शन के लिए बाहर गया हुआ था। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग 500 ग्राम चांदी तथा 250 ग्राम सोने के आभूषणों के साथ रोजगार सेवक से संबंधित महत्वपूर्ण दस्तावेज भी चुरा ले गए।
घर लौटने पर सामान बिखरा देख परिवार के होश उड़ गए। सूचना पर पीआरवी 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच शुरू कर दी। पीड़ित ने थाने में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

