ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: हत्या को आत्महत्या का रूप देने का आरोप, एक आरोपी गिरफ्तार, कई दिनों से तलाश रही थी पुलिस

चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर में दहेज हत्या मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। विवाहिता का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। मायकेवालों ने उसकी हत्या कर आत्महत्या का रूप देने के लिए शव लटकाने का आरोप लगाया था। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। सटीक सूचना के आधार पर विवाहिता के पति अजय पटेल को गिरफ्तार कर लिया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई में पुलिस जुटी रही।

 

मिर्जापुर जिले के जमालपुर थाना के कैमा रसूलपुर निवासी वादी किशन पटेल ने मुगलसराय कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनकी बहन प्रिया पटेल का विवाह वर्ष 2022 में अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल निवासी हनुमानपुर, मुगलसराय के साथ हुआ था। विवाह के बाद से पति, देवर एवं ननद द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। 22 जून को मायके से ससुराल लौटने के बाद 26 जून की रात लगभग 8.30 बजे पति द्वारा फोन कर प्रिया पटेल के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी गई।

 

किशन ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा तो मृतका के गले पर फांसी के फंदे का निशान नहीं था। वादी द्वारा ससुराल पक्ष पर हत्या कर घटना को आत्महत्या का रूप देने का आरोप लगाया गया है। उक्त तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर छानबीन में जुटी थी। बुधवार को मुगलसराय पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि मुकदमे का वांछित अभियुक्त अजय पटेल उर्फ गोपी पटेल पुत्र मुन्ना पटेल निवासी ग्राम हनुमानपुर अहिरान बस्ती अपने घर पर मौजूद है तथा कहीं भागने की फिराक में है।

 

सूचना के बाद हरकत में आई पुलिस ने ग्राम हनुमानपुर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए अभियुक्त को उसके घर के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त उपरोक्त को नियमानुसार हिरासत पुलिस में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में एसओ विजय प्रताप सिंह, एसआई विजय राज, चौकी प्रभारी कूड़ाबाजार, हेड कांस्टेबल अतुल कुमार शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!