
चंदौली। चहनिया कस्बा स्थित खण्डवारी चौहान बस्ती में पिछले तीन माह से जलनिगम की टंकी से पानी आपूर्ति बाधित होने से नाराज दर्जनों महिलाओं ने शनिवार को पंप पर पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं की पंप ऑपरेटर से तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की सप्लाई बहाल नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगी।
समूह सखी प्रियंका चौहान ने बताया कि बस्ती में जलापूर्ति की समस्या को लेकर लगभग 15 दिन पूर्व जलनिगम के अवर अभियंता (जेई) सुनील यादव को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है, जिससे लोगों को दूर-दराज के इलाकों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं का आरोप है कि घर-घर पानी पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य ठेकेदार ओमप्रकाश यादव द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन लापरवाही के कारण पाइपलाइन अब तक दुरुस्त नहीं हो सकी है। इसके चलते बस्ती में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है और लोगों को अपने दैनिक कार्य छोड़कर पानी के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द ही पानी की आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन करेंगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।
वहीं जलनिगम के ऑपरेटर कपिल देव ने बताया कि उनकी ओर से पूरी ईमानदारी के साथ प्रतिदिन लगभग छह घंटे पानी की सप्लाई की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान प्रियंका चौहान, किरण देवी, आशा देवी, गीता देवी, राधिका देवी, संजू देवी, सरिता देवी, शिवकुमारी देवी, मुन्नी देवी, रेखा देवी, फूल कुमारी, गिरजा देवी समेत बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

