
चंदौली। पीडीडीयू नगर में जीटी रोड पर शनिवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। दुकान तोड़ते समय अचानक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।
जीटी रोड के चौड़ीकरण के लिए सड़क की जद में आ रहे कई भवनों को हटाने का कार्य चल रहा है। भवन स्वामी अपने-अपने मकानों के प्रभावित हिस्सों को मजदूरों के माध्यम से ध्वस्त करा रहे हैं। इसी क्रम में ‘पंजाब वस्त्रालय’ के भवन को तोड़ने और मलबा हटाने का काम भी जारी था।
शनिवार देर रात मजदूर भवन का मलबा साफ कर रहे थे। इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे अचानक लगभग 15 इंच मोटी पुरानी दीवार ढह गई। दीवार गिरते ही वहां काम कर रहे दो मजदूर मलबे के नीचे दब गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
काफी प्रयास के बाद दोनों मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने वाराणसी के बजरडीहा निवासी 24 वर्षीय मोहम्मद अली को मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरे घायल मजदूर मोहम्मद सद्दाम की हालत गंभीर बनी हुई है। उसका उपचार अस्पताल में जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्यों के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

