fbpx
चंदौलीप्रशासन

Chandauli News : चंदौली में आयोजित होगी विकसित भारत संकल्प यात्रा, संयुक्त सचिव ने अधिकारियों को दिलाई पंच प्रण की शपथ  

चंदौली। विकसित भारत संकल्प यात्रा के सफल क्रियान्वयन के लिए भारत सरकार से नामित नोडल अधिकारी व संयुक्त सचिव सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्योग भारत सरकार विपुल गोयल मंगलवार को चंदौली पहुंचे। उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों संग मीटिंग की। इस दौरान संकल्प यात्रा के बाबत चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को पंच प्रण की शपथ दिलाई। वहीं जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

संयुक्त सचिव ने सर्वप्रथम कार्यक्रम (वैन) का रुट चार्ट बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन के लिए डे अफसर नामित किए जाएं। उनकी ओर से प्रत्येक गतिविधियों को पोर्टल पर अपलोड कराया जाए। उन्होंने बताया कि माह नवंबर के तीसरे सप्ताह से प्रारंभ होकर 26 जनवरी 2024 के मध्य जनपद में आयोजित होने वाली विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान सरकार के विभिन्न विकासपरक एवं कल्याणकारी योजनाओं से पात्र व्यक्तियों के संतृप्तिकरण, प्रचार प्रसार एवं जागरूकता का कार्य किया जाना है। इस हेतु जनपद को 6 वैन प्राप्त हुई हैं। जल्द ही सभी वैन जनपद में आ जाएंगी। उन्होंने बताया कि ये वैन ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार जाएंगे। निर्धारित स्थलों पर चौपाल/ कार्यक्रम आयोजित कर हर पात्र व्यक्तियों को सरकार से संचालित कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा और योजनाओं से लाभान्वित हुए लाभार्थियों के जीवन स्तर में किस तरह से सुधार आया है उनकी जुबानी भी सुनी जाएगी।

स्टाल लगाकर करेंगे जागरूक

संयुक्त सचिव ने बताया कि इस कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाकर आम जन को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से संतृप्त भी किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य लक्षित लाभार्थियों खास तौर पर वंचित लोगों तक समयबद्ध तरीके से प्रमुख योजनाओं का लाभ पहुंचाने, जनसामान्य को संचालित योजनाओं के विषय में जागरूक करने, स्वच्छता सुविधाएं, आवश्यक वित्त पोषण, एलपीजी गैस कनेक्शन, गरीबों के लिए आवास, खाद्य सुरक्षा, उचित पोषण, विश्वसनीय स्वास्थ्य सुविधाएं, स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आदि बुनियादी सुविधाओं जैसी प्रमुख योजनाओं का संतृप्तिकरण है। बैठक के अंत में संयुक्त सचिव ने उपस्थित अधिकारियों को पंच प्रण की शपथ दिलाई और विकसित भारत संकल्प यात्रा के कार्यक्रमों के दौरान भी शपथ दिलाए जाने का निर्देश दिया।

 

 

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!