
चंदौली। आनलाइन शिकायतों के निस्तारण में जिला वाराणसी मंडल में पहले पायदान पर पहुंच गया है। मई की रैकिंग में प्रदेश में 24वां स्थान मिला है। रैंकिंग में उछाल से अधिकारी गदगद हैं। वहीं इस उपलब्धि को बरकरार रखने की पुरजोर कोशिश की जा रही है।
मई में जिले में कुल 2291 शिकायतें आई थीं। इसमें 2289 मामलों का निस्तारण कर दिया गया। इस पर शासन स्तर से जिले को 150 में 132 अंक दिया गया है। प्राप्तांक 88 प्रतिशत है। मई माह में एक भी मामला डिफाल्टर की श्रेणी में नहीं गया। इसके अलावा शासन ने 40 आनलाइन शिकायतों का भौतिक सत्यापन करने का लक्ष्य दिया था, लेकिन अफसरों ने बेहतर काम करते हुए 44 मामलों का भौतिक सत्यापन कर दिया। 2024 शिकायतकर्ताओं को फोन कर फीडबैक भी लिया गया। इसमें ज्यादा लोगों ने संतुष्टि जताई। जिलाधिकारी संजीव सिंह ने बताया कि आनलाइन शिकायतों के निस्तारण पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों को निर्धारित समय के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से शिकायतों के निस्तारण का निर्देश दिया गया है।
छह माह पहले खराब थी स्थिति
छह माह पहले आनलाइन शिकायतों के निस्तारण में जिले की स्थिति काफी खराब थी। जिला प्रदेश में 74वें स्थान पर पहुंच गया था। उच्चाधिकारियों ने इसको गंभीरता से लेते हुए मानीटरिंग की। वहीं शिकायतों का निस्तारण कराया। इसकी बदौलत जिले की रैंकिंग में काफी सुधार हुआ है। वहीं मंडल में शीर्ष पर पहुंच गया।