चंदौलीराज्य/जिला

50 हजार का ईनामी लुटेरा और 25 हजार का पुरस्कार घोषित गौ तस्कर गिरफ्तार

चंदौली। जनपद पुलिस ने वांछित और शातिर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल ₹75 हजार के इनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया। चंदौली कोतवाली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित ₹50 हजार के इनामी अभियुक्त को पकड़ा, जबकि इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मामले में ₹25 हजार के ईनामी गोतस्कर को गिरफ्तार किया।

लूट के मामले में ₹50 हजार का ईनामी  गिरफ्तार

चंदौली कोतवाली पुलिस ने सैयदराजा थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित दिलशाद पुत्र अब्दुल मजीद (42) निवासी मरखामऊ नई बाजार, थाना मऊआइमा, प्रयागराज को 31 अगस्त की शाम पंचफेड़वा, अलीनगर से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, नवंबर 2024 में 25 टन कोयला लदा ट्रक डेहरी से सीतापुर के लिए निकला था। सैयदराजा क्षेत्र के बगही कुंभापुर के पास ट्रक के लूटे जाने की सूचना मिली थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान दिलशाद का नाम प्रकाश में आया और उसकी गिरफ्तारी पर ₹50 हजार का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, चोरी, लूट, धोखाधड़ी, जालसाजी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय, थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक मोहम्मद असलम, उपनिरीक्षक विजय बहादुर सिंह समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

₹25 हजार के ईनामी गोतस्कर को बांदा से पकड़ा

दूसरी कार्रवाई में थाना इलिया पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त समसाद राइन पुत्र रज्जब अली (32) निवासी गम्हरी, इलाही डेरा, थाना गाजीपुर, फतेहपुर को बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के कोर्रई गांव के समीप नहर पुलिया से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, 20 अगस्त 2025 को बनरसिया नहर माइनर के पास चेकिंग के दौरान दो पिकअप वाहनों से 12 गोवंशीय पशु बरामद किए गए थे। पशुओं को क्रूरतापूर्वक बिहार ले जाया जा रहा था। इस मामले में इलिया थाने में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।

जांच के दौरान शमशाद का नाम सामने आया था। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम के मुकदमे के अलावा POCSO एक्ट समेत गंभीर धाराओं में एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष चंदन कुमार राय, उपनिरीक्षक गिरीश वल्लभ शुक्ल, पुलिसकर्मी तथा सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा और कांस्टेबल गणेश तिवारी शामिल रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!