ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पीडीडीयू जंक्शन पर संजय सिंह का भव्य स्वागत, ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर सरकार को चेताया

चंदौली। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचे। स्टेशन पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष अशोक सिंह के नेतृत्व में ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया।

संजय सिंह ने भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो विवाद को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि आपत्तिजनक वीडियो और नफरत भरी भाषा की शुरुआत भाजपा की ओर से हुई। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को थप्पड़ मारते हुए दिखाए गए एक वीडियो का उल्लेख करते हुए कहा कि बाद में भाजपा को वह वीडियो हटाना पड़ा।

राम मंदिर जमीन मामले की जांच की मांग

राम मंदिर निर्माण से जुड़े जमीन के मामलों पर संजय सिंह ने कहा कि उनके पास जमीन से संबंधित 13 दस्तावेज हैं। उनके अनुसार, इनमें अलग-अलग दस्तावेजों पर चंपत राय, डॉ. अनिल मिश्रा और भाजपा के पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय के हस्ताक्षर अथवा गवाही का उल्लेख है। उन्होंने इन दस्तावेजों के आधार पर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

रोजगार और पेपर लीक पर सरकार को घेरा

संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में रोजगार और सामाजिक न्याय के मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन कर रही है। रोजगार के सवाल पर पार्टी की पांच चरणों की पदयात्रा पूरी हो चुकी है, जबकि तीन चरण अभी बाकी हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक समेत युवाओं से जुड़े मुद्दों को पार्टी लगातार उठाती रहेगी।

उन्होंने दावा किया कि प्रभु श्रीराम के नाम पर जुटाए गए चंदे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उन्होंने वर्ष 2021 में उठाया था। उन्होंने कहा कि जनता और युवाओं के सवालों को लेकर पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा।

यूपी चुनाव पर केंद्रीय नेतृत्व करेगा फैसला

आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में किस स्वरूप में और कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी, इसका निर्णय केंद्रीय नेतृत्व करेगा। फिलहाल पार्टी संगठन को मजबूत करने और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसरोकार के मुद्दों पर आंदोलन चलाने में जुटी है।

स्कूलों की बदहाली पर फिर आंदोलन की चेतावनी

संजय सिंह ने ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान को लेकर कहा कि पार्टी ने प्रदेश के जर्जर और बदहाल सरकारी स्कूलों के वीडियो बनाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सरकार के सामने रखे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अभियान से जुड़े कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।

उन्होंने दावा किया कि अभियान के बाद प्राथमिक विद्यालयों के सुधार के लिए सरकार ने 604 करोड़ रुपये जारी किए हैं। अब पार्टी इन पैसों के इस्तेमाल की निगरानी करेगी। उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष बीएसए, डीएम और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर जर्जर विद्यालयों की मरम्मत की मांग करेंगे। एक माह में काम शुरू नहीं होने पर आम आदमी पार्टी दोबारा आंदोलन करेगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!