
चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र के पहाड़पुर-गोविंदीपुर मार्ग पर जलनिकासी बाधित होने और ह्यूम पाइप जाम होने की समस्या को लेकर किसानों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने अगले ही दिन कार्रवाई शुरू कर दी। मंगलवार को खंड विकास अधिकारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से जाम ह्यूम पाइप को हटाकर जलनिकासी का रास्ता साफ कराया।
मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी विकास मित्तल ने संबंधित नालियों की सफाई का कार्य भी तेजी से पूरा कराने के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता रितेश विश्वकर्मा ने भी मौके का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से किसानों और ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। किसानों ने अधिकारियों का आभार जताते हुए कहा कि बरसात के दौरान जलनिकासी बाधित होने से क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ की समस्या उत्पन्न होती है। ह्यूम पाइप व नालियों की सफाई से अब जलनिकासी व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद है।
किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने बताया कि किसानों ने 31 अगस्त को समस्या के समाधान की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। प्रशासन ने अगले ही दिन कार्रवाई कर उनकी समस्या को गंभीरता से लिया। उन्होंने जिलाधिकारी सहित जिला और तहसील प्रशासन का धन्यवाद किया।
इस दौरान रजनीकांत सिंह, मंटू सिंह, रिट्टू सिंह, सर्वेश सिंह, अनिल सिंह, श्रीराम बिंद, ग्राम प्रधान रमेश पासवान, राधे बिंद, सच्चन बिंद, श्याम बिहारी सिंह, मनोहर सिंह, फुंटेश सिंह, टुनटुन सिंह, कुद्दन पांडेय, पप्पू चौहान, सुधाकर पांडेय, गल्लू सिंह और रामवृक्ष चौहान समेत बड़ी संख्या में किसान व ग्रामीण मौजूद रहे।

