
चंदौली। बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली और राजकीय आईटीआई रेवसा चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में सात सितंबर 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। सेवायोजन निदेशालय, लखनऊ के निर्देश के क्रम में आयोजित होने वाले इस रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीयन कराना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को पोर्टल के जॉब सीकर कॉलम में जाकर अपना पंजीयन पूरा करना होगा। पंजीयन के बाद ही वे रोजगार मेले में प्रतिभाग कर सकेंगे।
जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से बताया गया कि रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थी अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आयोजन स्थल पर पहुंचें। अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षिक अंकपत्र, प्रमाणपत्र, बायोडाटा और चार पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा।
रोजगार मेले का आयोजन राजकीय आईटीआई रेवसा, चंदौली में किया जाएगा। सभी प्रतिभागी अभ्यर्थियों को सुबह 10 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करना होगा। विभाग ने युवाओं से अपील की है कि वे समय से पहले पोर्टल पर पंजीयन कराकर रोजगार मेले में निर्धारित समय पर उपस्थित हों, ताकि कंपनियों की ओर से होने वाली चयन प्रक्रिया में शामिल हो सकें।

