
चंदौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के लोकभवन से उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम (UPCOS) की वेबसाइट, पोर्टल और लोगो का शुभारंभ किया। इसका सजीव प्रसारण चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आउटसोर्स कर्मचारियों की मौजूदगी में देखा गया।
UPCOS पोर्टल के माध्यम से आउटसोर्सिंग व्यवस्था को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जाएगा। कर्मचारियों का मानदेय प्रत्येक माह की 5 तारीख तक सीधे बैंक खाते में भेजने के साथ ही ईपीएफ, ईएसआईसी और मेडिकल कवर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद साधना सिंह, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह, जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के चेक और आउटसोर्स कर्मचारियों को यूनिफार्म भी वितरित किया गया।

