
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर को भारतीय वायुसेना के एयर शो के आयोजन को देखते हुए चंदौली जिले के पीडीडीयू नगर और नियामताबाद ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालयों में 22 और 24 अक्टूबर को पठन-पाठन स्थगित रहेगा। इन दोनों दिनों में विद्यार्थियों की पढ़ाई ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी।
जिलाधिकारी चंदौली के आदेश पर जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने यह निर्देश जारी किया है। एयर शो के दौरान दर्शकों और आम लोगों की भारी भीड़ जुटने की संभावना है। इससे छात्र-छात्राओं के आवागमन में होने वाली संभावित कठिनाइयों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

