
चंदौली। जिला अपराध जोन बन चुका है। अलीनगर थाना क्षेत्र के पटपरा गांव के समीप शनिवार को दिनदहाड़े अज्ञात बदमाशों ने साइकिल सवार एक मुनीम की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है। 24 घंटे में हत्या की यह दूसरी वारदात है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की शिनाख्त मनोज कुमार (40 वर्ष), निवासी चतुर्भुजपुर, मुगलसराय के रूप में हुई है। पुलिस को घटनास्थल से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई। बताया जा रहा है कि मनोज कुमार चंदासी कोल मंडी में मुनीम का कार्य करता था और शुक्रवार को साइकिल से मुगलसराय की ओर जा रहा था।
इसी दौरान पटना-सहरोई मार्ग पर पटपरा गांव के पास पहले से घात लगाए बैठे अज्ञात हमलावरों ने उसे निशाना बनाते हुए गोली मार दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़ा। सुनसान स्थान होने के कारण कुछ समय तक घटना की जानकारी नहीं हो सकी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नियामताबाद ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर तथा क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस आर्थिक लेन-देन, पुरानी रंजिश और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बताया कि हत्या के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मामले के खुलासे के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का पर्दाफाश किए जाने का दावा कर रही है।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या ने एक बार फिर जिले की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले के खुलासे की मांग की है।

