
संवाददाता : श्याम सिंह यादव चकिया (चंदौली)। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर चकिया क्षेत्र के मुहम्मदाबाद में श्री श्री बाल ज्योति दुर्गा पूजा समिति की ओर से तैयार माता मुंडेश्वरी देवी के प्राचीन मंदिर की आकृति वाला भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मंदिर की तर्ज पर सजे पंडाल और माता के दिव्य श्रृंगार के दर्शन कर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। माता के पट खुलते ही पूरा परिसर ‘जय माता दी’ के जयकारों से गूंज उठा।
समिति की ओर से इस वर्ष पंडाल को विशेष रूप से सजाया गया है। प्राचीन मंदिर की कलात्मक झलक, रंग-बिरंगी रोशनी, फूलों की आकर्षक सजावट और माता रानी के भव्य दरबार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दर्शन-पूजन के लिए सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चों की भीड़ जुटने लगी। श्रद्धालुओं ने माता के चरणों में नारियल, चुनरी और प्रसाद अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।
श्री श्री बाल ज्योति दुर्गा पूजा समिति मुहम्मदाबाद क्षेत्र की पुरानी और सक्रिय समितियों में शामिल है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, हर वर्ष नवरात्रि में माता के विभिन्न प्राचीन और अलौकिक स्वरूपों की झांकी प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है, ताकि नई पीढ़ी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सके।
नौ दिनों तक चलने वाले नवरात्रि आयोजन के दौरान समिति की ओर से भजन-कीर्तन और आरती सहित अन्य धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु सुनील कुमार सहित अन्य श्रद्धालुओं ने कहा कि मुहम्मदाबाद की दुर्गा पूजा में हर साल कुछ नया देखने को मिलता है। इस बार माता मुंडेश्वरी देवी का भव्य स्वरूप देखकर मन श्रद्धा और भक्ति से भर गया।

