
चंदौली। सैयदराजा पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तलवार (बड़ा खंजर), एक लाठी और नकदी बरामद की।
पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे ग्राम ककरही (मनराजपुर) में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि गुड्डू अंसारी, उसके पुत्र महफूज आलम सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों और तलवार से शिव प्रकाश वर्मा पर जानलेवा हमला कर दिया था। बीच-बचाव करने पहुंचे शिव प्रकाश के पिता राजनाथ सेठ पर भी हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहीं शिव प्रकाश का सिर फट गया और कान कट गया था।
घटना के संबंध में सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 जुलाई की रात करीब 12:20 बजे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुड्डू अंसारी पुत्र खलील और महफूज आलम पुत्र गुड्डू अंसारी, निवासी ककरही (मनराजपुर), थाना सैयदराजा, चंदौली के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, उपनिरीक्षक संतोष तिवारी सहित हेड कांस्टेबल रंजय सिंह और कांस्टेबल अभय कुमार शामिल रहे।

