राज्य/जिलालखनऊ

सौर ऊर्जा में उत्तर प्रदेश का जलवा, पीएम सूर्य घर पुरस्कार में कई श्रेणियों में देशभर में अव्वल

 

लखनऊ। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तर प्रदेश ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज कराई है। नई दिल्ली में आयोजित “पीएम सूर्य घर पुरस्कार समारोह” में प्रदेश को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के साथ उत्तर प्रदेश स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है।

पीएम सूर्य घर योजना के तहत देशभर में हुए सोलर इंस्टॉलेशन के आधार पर उत्तर प्रदेश ने “टॉप थ्री स्टेट इंस्टॉलेशन” श्रेणी में तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस श्रेणी में गुजरात पहले स्थान पर रहा। राज्य का यह प्रदर्शन सौर ऊर्जा के प्रति बढ़ती जागरूकता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को दर्शाता है।

जिला स्तर पर भी उत्तर प्रदेश ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। राजधानी लखनऊ ने देश के सभी जिलों को पीछे छोड़ते हुए सोलर इंस्टॉलेशन के मामले में पहला स्थान प्राप्त किया। लखनऊ में 1,02,596 सोलर इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए, जबकि दूसरे स्थान पर रहे नागपुर में 89,255 इंस्टॉलेशन हुए।

इसके अलावा “वेरी हाई कंज्यूमर बेस” श्रेणी में उत्तर प्रदेश को देश में प्रथम स्थान मिला। राज्य ने सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन, सर्वाधिक सोलर इंस्टॉलेशन और अधिकतम वेंडर रजिस्ट्रेशन जैसी महत्वपूर्ण श्रेणियों में भी शीर्ष स्थान हासिल किया।

नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा ने इस सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

ऊर्जा मंत्री ने प्रदेश के अधिकारियों, वेंडरों और लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार भविष्य में भी सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा न केवल स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बिजली उपलब्ध कराती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा आत्मनिर्भरता को भी मजबूत करती है।

उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तर प्रदेश आने वाले समय में भी स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और देश में सौर ऊर्जा क्रांति का नेतृत्व करता रहेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!