
चंदौली। विधानसभा सत्र के दौरान जनसमस्याओं को लेकर मुखर सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण यादव ने जल मंत्री को कायदे से घेरा। पुराने वादे की याद दिलाई और पूछा कि ‘हर गांव और हर घर तक पानी’ पहुंचाने की शपथ आखिर कब तक पूरी होगी।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी शुद्ध पेयजल का गंभीर संकट बना हुआ है। कागजों पर योजनाएं जरूर संचालित दिखाई दे रही हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कई गांवों में हालात जस के तस हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कई स्थानों पर पाइपलाइन का कार्य अधूरा पड़ा है और जहां पाइपलाइन बिछ भी गई है, वहां नलों में पानी नहीं पहुंच रहा।
सदन में कड़े शब्दों में सवाल उठाते हुए विधायक ने सरकार से स्पष्ट समय-सीमा बताने की मांग की, ताकि पानी की समस्या से जूझ रहे गांवों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि जनता अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई और परिणाम चाहती है।

