
चंदौली। महिला सशक्तिकरण और बालिकाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से चल रहे मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत चंदौली की मेधावी छात्रा स्वेता यादव को एक दिन का जिलाधिकारी बनाया गया।
अमर वीर इंटर कॉलेज धानापुर की छात्रा स्वेता यादव को सांकेतिक जिलाधिकारी के रूप में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने आम जनता की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान बिजली, पानी, भूमि विवाद समेत विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए।
स्वेता यादव ने वर्ष 2023 की हाईस्कूल परीक्षा में 96.67% अंक प्राप्त कर जिला टॉपर और प्रदेश में 9वां स्थान हासिल किया था। इंटरमीडिएट में उन्होंने 88.40% अंक के साथ स्कूल की टॉपर बनकर जिले में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने स्वेता यादव को पुष्पगुच्छ और मोमेंटो भेट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बालिकाओं को बड़े सपने देखने और समाज के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। जिलाधिकारी ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के साथ सशक्त बनाना है।
स्वेता यादव ने कहा कि एक दिन की जिलाधिकारी बनना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक पद पर बैठकर जनता की समस्याओं को सुनना और समाधान देना एक बड़ी जिम्मेदारी है। इस अनुभव से प्रेरित होकर उन्होंने भविष्य में आईएएस अधिकारी बनने और समाज की सेवा करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सांकेतिक जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का निरीक्षण किया और कार्यरत महिलाओं को मिशन शक्ति 5.0 अभियान की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन से जुड़े हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जागरूक किया और आवश्यक सुझाव साझा किए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) राजेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी प्रभात कुमार, कलेक्ट्रेट प्रभारी तथा लिपिक राजेश कुमार सोनी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
 
					 
					 
					 
					 
					 
					 
					 
					 
					

