
चंदौली। प्रदेश के मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद ने शनिवार को जनपद के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने विकास खंड धानापुर, सदर और नियामताबाद के गांवों—नादी निधौरा, चुरमुरी, नियुरा, जलखोर सहित अन्य प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। कैबिनेट मंत्री ने बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री का वितरण किया। साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों के बाबत जरूरी निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ पीड़ितों के लिए राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों को भोजन, दवा और अन्य आवश्यक सामग्री समय से उपलब्ध कराई जाए। साथ ही पशुओं के सुरक्षित ठिकानों और चारे-पानी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
नादी निधौरा और अशोक इंटर कॉलेज में पीड़ितों से मिलकर मंत्री ने उनका हालचाल जाना और राहत सामग्री का वितरण भी किया। उन्होंने आश्वस्त किया कि सरकार और जिला प्रशासन हर कदम पर उनके साथ खड़ा है और इस आपदा की घड़ी में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।
डॉ. निषाद ने कहा कि बाढ़ के कारण जिन परिवारों के कच्चे मकान ढह गए हैं, उन्हें चिन्हित कर मुख्यमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जाएगा, ताकि वे सुरक्षित घरों में रह सकें। उन्होंने विशेष रूप से मछुआ समुदाय का जिक्र करते हुए कहा कि उनके कल्याण के लिए सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा योजनाएं चला रही है।
कैबिनेट मंत्री ने जानकारी दी कि मछुआ समुदाय के बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। इसमें हाई स्कूल के लिए 10,000 रुपये, इंटरमीडिएट के लिए 20,000 रुपये, स्नातक के लिए 30,000 रुपये और उच्च शिक्षा के लिए 50,000 रुपये की सहायता दी जा रही है। बेटियों की शादी के लिए एक लाख रुपये का अनुदान उपलब्ध है। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के तहत आयुष्मान कार्ड धारकों को चयनित अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार बिना किसी भेदभाव के हर पीड़ित तक राहत पहुंचा रही है। इस विपत्ति में सबको मिलकर कार्य करना होगा, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सामान्य जीवन की ओर लौटाया जा सके। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार, एसडीएम सकलडीहा कुंदन राज कपूर, बीडीओ चहनिया राजेश नायक, एसडीएम सदर दिव्या ओझा, नायब तहसीलदार राजेंद्र यादव सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे।