ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: इलाज को लेकर विवाद के बाद अस्पताल में तोड़फोड़, स्टाफ से मारपीट, हमलावर फरार

चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के कमालपुर स्थित कोमल हॉस्पिटल में रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अज्ञात लोगों ने कथित तौर पर जमकर तोड़फोड़ की और अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान शुरू कर दी है।

 

जानकारी के अनुसार बभनिया गांव निवासी करीब 30 वर्षीय चांदनी देवी 14 अगस्त की शाम उपचार के लिए कोमल हॉस्पिटल पहुंची थीं। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वीके राय के मुताबिक जांच में चांदनी देवी टाइफाइड और मलेरिया से पीड़ित पाई गई थीं। इसके बाद उनका अस्पताल में उपचार चल रहा था। चिकित्सक का आरोप है कि उपचार के दौरान चांदनी देवी का व्यवहार असामान्य था। उन्होंने नीडल और इंजेक्शन लेने से इनकार करने के साथ ही अस्पताल स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार किया।

 

वहीं चांदनी देवी के भाई कन्हैया सिंह ने अस्पताल प्रबंधन के आरोपों से अलग पक्ष रखते हुए बताया कि उनकी बहन दर्द से परेशान थीं और लगातार स्टाफ को बुला रही थीं, लेकिन उनकी मदद नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि जब चांदनी अस्पताल से बाहर जाने लगीं तो स्टाफ ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इसका उनकी बहन ने विरोध किया।

 

बताया गया कि घटना के संबंध में चांदनी देवी ने अपने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद रविवार दोपहर करीब एक दर्जन लोग काले रंग की स्कॉर्पियो से अस्पताल पहुंचे। आरोप है कि इनमें से करीब दस लोग अस्पताल परिसर में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने अस्पताल के शीशे तोड़ दिए तथा वहां मौजूद स्टाफ के साथ मारपीट की। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

 

अस्पताल में तोड़फोड़ और मारपीट की सूचना मिलते ही धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव और कमालपुर चौकी प्रभारी जयकरन सरोज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण करने के साथ घटनास्थल से संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस ने चिकित्सक डॉ. वीके राय से घटना के संबंध में तहरीर प्राप्त कर ली है। थाना प्रभारी ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही अस्पताल में हुई तोड़फोड़ और मारपीट के पीछे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!