
चंदौली। धानापुर विकासखंड के एवती गांव में गंदा नाला जाम होने से हजारों एकड़ कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। जल निकासी पूरी तरह बाधित होने के कारण किसानों की फसलें प्रभावित हो रही हैं, जबकि आसपास के गांवों में भी जलभराव की समस्या गंभीर होती जा रही है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों और किसानों ने विरोध-प्रदर्शन कर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार एवती गांव से होकर गुजरने वाला करीब एक किलोमीटर लंबा गंदा नाला लंबे समय से जाम पड़ा है। इसके कारण बारिश का पानी खेतों और आबादी वाले क्षेत्रों में जमा हो गया है। करजरा, रामरूपदासपुर सहित आसपास के कई गांवों का पानी भी इसी नाले से होकर अगहर बीर बहुरिया नदी में जाता है, लेकिन नाला अवरुद्ध होने से जल निकासी पूरी तरह ठप हो गई है।
लगातार जलभराव के कारण हजारों एकड़ कृषि भूमि में धान समेत अन्य फसलें प्रभावित हो रही हैं। किसानों का कहना है कि खेतों में लंबे समय तक पानी भरे रहने से खेती का कार्य बाधित हो रहा है और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। वहीं गांवों में जगह-जगह गंदा पानी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते नाले की सफाई नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
समस्या से आक्रोशित किसानों और ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कई बार संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने मांग की कि नाले की तत्काल सफाई कर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों की फसलें और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।
प्रदर्शन में संतोष सिंह, ओमप्रकाश यादव, विशाल, बंगबहादुर मौर्य, विजय मौर्य, पप्पू मौर्य, जयप्रकाश सिंह, मनोहर राम, वीरेंद्र राम, मोहन सिंह, दीन सिंह, रविशंकर सिंह, पवन सिंह, जयराम यादव सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण शामिल रहे।

