
चंदौली। बीते 19 दिसंबर को चकिया थाना क्षेत्र के चंद्रप्रभा नदी में मिले अज्ञात शव के मामले पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपित को भी गिरफ्तार कर लिया है। भाभी के साथ अवैध संबंधों से नाराज साले ने ही अपने साथी के साथ मिलकर जीजा को मौत के घाट उतार दिया था। मृतक राजेंद्र मिर्जापुर जनपद के जमालपुर थाना अंतर्गत सेमरा गांव का रहने वाला था। हालांकि मुख्य आरोपित मृतक का साला अभी पुलिस के हाथ नहीं लगा है। पकड़ा गया आरोपित बलवंत साहनी निवासी मुजफ्फरपुर थाना चकिया गुनाह में शरीक था।
सीओ चकिया प्रीती त्रिपाठी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि मृतक राजेंद्र का ससुराल हेतिमपुर गांव में है। सरहज से उसका अवैध संबंध था, जिसे लेकर ससुराल के लोग नाराज रहते थे। मृतक के छोटे साले राजकुमार को भी भाभी का जीजा के साथ अवैध संबंध खटक रहा था। उनसे जीजा को मारने का प्लान बनाया और मित्रता का वास्ता देकर मुजफ्फरपुर निवासी बलवंत को भी अपने साथ मिला लिया। 17 दिसंबर को मृतक राजेंद्र घर से ससुराल के लिए निकला। छोटा साला राजकुमार अपने मित्र बलवंत के साथ मुजफ्फरपुर तिराहे पर उसका इंतजार कर रहा था। दोनों ने वहीं राजेंद्र को रोक लिया और कहा कि मुर्गा और शराब की पूरी व्यवस्था है। बंधे के पास मुर्गा बनवाया और चार बोतल शराब मंगाई गई। सबसे छककर शराब पी। राजेंद्र इतने नशे में हो गया कि उससे चला भी नहीं जा रहा था। राजेंद्र की बाइक से ही तीनों चंद्रप्रभा डैम पहुंचे। राजकुमार ने राजेंद्र को धक्का देकर चंद्रप्रभा नदी में गिरा दिया। घटना के बाद राजकुमार पैदल ही भाग निकला जबकि बलवंत ने बाइक को बंधे के किनारे झाड़ी में छिपा दिया। पुलिस ने बलवंत को गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर बाइक भी बरामद कर ली। मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।