
चंदौली। शहाबगंज क्षेत्र स्थित श्रीवत्सेश्वर महादेव मंदिर, मसोईं में सात दिवसीय शिव महापुराण कथा का शुभारंभ शनिवार को श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. विनय प्रकाश तिवारी, संस्थापक – डैडीज़ इंटरनेशनल स्कूल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। भगवान भोलेनाथ की आरती और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कथा का विधिवत शुभारंभ हुआ, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
कथा के प्रथम दिवस पर कथा व्याख्याता पं. शिवम शुक्ल जी महाराज ने शिव महिमा, सृष्टि के मूल तत्व और भगवान महादेव की कृपा का भावपूर्ण वर्णन किया। श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
इस दौरान डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में श्रद्धालुओं से कथा में भाग लेने की अपील की।
कार्यक्रम में क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, श्रद्धालु और कथा समिति के सदस्य मौजूद रहे। आयोजन समिति के अनुसार यह कथा 10 अप्रैल तक प्रतिदिन सायं 6 बजे से रात्रि 9 बजे तक आयोजित की जाएगी।

