
चंदौली। जिले में 76वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। जिलाधिकारी संजीव सिंह व एसपी अंकुर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर देश की एकता, अखंड़ता व अस्मिता के प्रतीक तिरंगे को सलामी दी। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। साथ ही आजादी के आंदोलन में अपनी जान गंवाने वाले वीर सपूतों के बलिदान को याद किया गया।

देश आजादी की 75वीं वर्षगाठ मना रहा है। इसको लेकर विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इससे लोगों पर जश्न-ए-आजादी का रंग पहले से ही चढ़ा हुआ है। सोमवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट और कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया। वहीं एसपी ने पुलिस लाइन में तिरंगे को सलामी दी। इसके अलावा कार्यालयाध्यक्षों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। एसपी ने मातहतों को ईमानदारी के साथ दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रेरित किया। पुलिस बल एक अनुशासित बल है। इसके कंधों पर बहुत सारी जिम्मेदारियां होती हैं। हम सभी को चुनौतियों का सामना करना होगा।

कहा कि वर्तमान समय में कानून व्यवस्था को बनाए रखने सहित अन्य चुनौतियों का सामना जिस तन्मयता व निष्ठा से आप सबने मिल कर किया और कर रहे हैं उसकी प्रंशसा हर तरफ हो रही है। हमें अपने आपको हमेशा ऊर्जावान रखते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ते रहना है। कभी भी अपने आपको हतोत्साहित नहीं करना चाहिए। उन्होंने प्रशस्ति पत्र पाने वाले पुलिसकर्मियों को बधाई दी। टीम भावना के साथ काम करने की सलाह दी। इसके अलावा सभी थानों व चौकियों पर ध्वजारोहण किया गया।
