चंदौलीराज्य/जिला

अक्षय तृतीया पर चंदौली में भगवान परशुराम का भव्य जन्मोत्सव, हजारों श्रद्धालुओं की रही सहभागिता

 

चंदौली। अक्षय तृतीया के अवसर पर रविवार को जिला मुख्यालय स्थित एक लॉन में भगवान परशुराम सेवा समिति के तत्वावधान में भगवान परशुराम का जन्मोत्सव समारोह धूमधाम से आयोजित किया गया। इस अवसर पर विप्र समाज से सैकड़ों लोग कार्यक्रम में शामिल हुए। दूर-दराज क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे, जिससे पूरा आयोजन स्थल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। वहीं सकलडीहा क्षेत्र के तेनुअट गांव में भी भगवान परशुराम जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान परशुराम की विधिवत अर्चना के साथ हुई। इसके पश्चात समिति के पदाधिकारियों द्वारा वैदिक ब्राह्मणों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन और हवन संपन्न हुआ, जिससे पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण व्याप्त हो गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना करते हुए पूरे अनुशासन के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।

 

समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम को पुष्पांजलि अर्पित की। साथ ही उन्हें भगवान परशुराम के चित्र अंकित पट्टक, तिलक और यज्ञोपवीत वितरित किए गए। कार्यक्रम में भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें कलाकारों ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। देर शाम तक चले इस आयोजन में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे नजर आए।

आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और प्रसाद की समुचित व्यवस्था की गई थी। समिति के स्वयंसेवक पूरे समय व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करते रहे, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी आयोजन की सराहना की।

समिति के पदाधिकारियों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और अधिक भव्य स्तर पर ऐसे आयोजन करने की बात कही। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष सत्यमूर्ति ओझा, डॉ केएन पांडेय, डॉ विनय प्रकाश तिवारी, नंद शंकर पाठक, नारायण तिवारी, पंकज पांडेय,  जितेंद्र तिवारी, कोषाध्यक्ष अनुप तिवारी, मीडिया प्रभारी आनंद उपाध्याय, डॉ. शशिकांत मिश्र, शिवम दुबे, अशोक मिश्र, अजय मिश्र, मिथिलेश पांडेय, जिला पंचायत सदस्य संजय पांडेय समेत बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

 तेनुअट में मनाया गया भगवान परशुराम जन्मोत्सव

सकलडीहा ब्लॉक के तेनुअट में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। अखिल पांडे के नेतृत्व में कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे पूजा-अर्चना के साथ हुई। मुख्य अतिथि विनोद शुक्ला और डॉ. अरविंद शुक्ला ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। डॉ. हरिकेश पांडे की अध्यक्षता और आलोक पांडे के संचालन में ब्राह्मण समाज के लोग एक मंच पर जुटे और भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

 

 

Back to top button
error: Content is protected !!