fbpx
चंदौलीराजनीति

गहमागहमी के बीच एलबीएस छात्रसंघ चुनाव परिणाम घोषित, अभिषेक बने अध्यक्ष

चंदौली। पीडीडीयू नगर स्थित लालबहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव गुरुवार को गहमागहमी व हंगामे के बीच संपन्न हुआ। शाम चार बजे तक परिणामों की घोषणा भी कर दी गई। अभिषेक कुमार अध्यक्ष व कृष्ण सिंह चौहान उपाध्यक्ष चुने गए हैं। सुरक्षा के मद्देनजर कालेज परिसर के अंदर व बाहर पुलिस और पीएसी के जवान मुस्तैद रहे।

अध्यक्ष पद पर अभिषेक कुमार 1029 मत पाकर विजयी हुए। वहीं कृष्ण सिंह चौहान ने 829 मत पाकर जीत हासिल की। कमलेश यादव ने 910 वोट पाकर महामंत्री का चुनाव जीता। 906 मत पाकर द्वारिकानाथ यादव पुस्तकालय मंत्री चुने गए। इसी प्रकार कला संकाय प्रतिनिधि चुने गए अभिषेक यादव को कुल 676 मत मिले। मतदान की प्रक्रिया सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चली। महाविद्यालय में कुल 3399 पंजीकृत मतदाता हैं। इसमें छात्र मतदाताओं की संख्या 2140 व छात्राओं की संख्या 1259 है। कुल 1582 ने वोट दिया। इसमें छात्र मतदाताओं की संख्या 1046 व छात्राओं की संख्या 536 रही। यानी 46.54 फीसद मतदान हुआ। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाणपत्र दिया गया। मतगणना के बाद एक युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया। युवक ने कालेज में तैनात कर्मचारी पर मारपीट का आरोप लगाया। युवक को चोटें आई हैं। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस व कालेज प्रशासन के अनुसार युवक कालेज का छात्र नहीं है। छात्रसंघ का पूर्व पदाधिकारी बताया जा रहा है।

अध्यक्ष अभिषेक कुमार
कमलेश यादव महामंत्री
कृष्ण सिंह चौहान उपाध्यक्ष

Back to top button
error: Content is protected !!