
चंदौली। मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बुधवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन के समीप स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड तथा स्टेशन के दक्षिणी एवं मुख्य उत्तरी सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रेलवे की तकनीकी व्यवस्थाओं, अनुरक्षण कार्यों और यात्री सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।
सबसे पहले डीआरएम ने इलेक्ट्रिक लोको शेड पहुंचकर वहां उपलब्ध सुविधाओं, अनुरक्षण कार्यों और विभिन्न तकनीकी उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्यप्रणाली की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने डीडीयू जंक्शन के दक्षिणी और मुख्य उत्तरी सर्कुलेटिंग एरिया का निरीक्षण कर भविष्य में यात्री सुविधाओं के विस्तार और विकास की संभावनाओं का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के उत्तरी हिस्से में रेलवे भूमि, पार्किंग व्यवस्था, यात्रियों एवं वाहनों की आवाजाही तथा जीटी रोड से स्टेशन तक पहुंच मार्गों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान यात्री सुविधा, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अधिकारियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

