
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मारूफपुर चकबूलन गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 28 वर्षीय विवाहिता की करंट लगने से मौत हो गई, जबकि उसे बचाने पहुंचे उसके देवर और देवरानी भी करेंट की चपेट में आकर झुलस गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मारूफपुर चकबूलन निवासी पप्पू यादव की बहू कंचन यादव (28), पत्नी मनोज यादव, सुबह अपने पक्के मकान की छत पर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने छत पर रखी करीब पांच फीट लंबी लोहे की सरिया हटाने का प्रयास किया। सरिया मकान के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई, जिससे तेज करंट प्रवाहित हो गया। करंट लगते ही कंचन यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के दौरान तेज आवाज सुनकर छत पर पहुंची उनकी देवरानी सपना और देवर संदीप यादव भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली लाइन से उन्हें अलग किया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतका कंचन यादव अपने पीछे पांच वर्षीय पुत्र आंशिक और तीन वर्षीय पुत्र किशन को छोड़ गई हैं। घटना के बाद पति मनोज यादव, ससुर पप्पू यादव, सास सुशीला देवी तथा परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है।

