fbpx
rail newsचंदौली

Chandauli News : 161 साल पुराना है डीडीयू जंक्शन, मना स्थापना दिवस, कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से मोहा मन

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन का स्थापना दिवस शुक्रवार को स्टेशन महोत्सव के रूप धूमधाम से मनाया गया। 1862 से यात्रियों को अपनी सेवाएं दे रहे जंक्शन के इतिहास, क्षमता व विकास को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, जो पूर्व में मुगलसराय जंक्शन के नाम से जाना जाता था, वर्ष 1862 से अपनी सेवाएं दे रहा है। यह देश के व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में से एक है। यह स्टेशन कई अति महत्वपूर्ण रेलमार्गों का संगम है। इस स्टेशन से होकर पटना, गया, वाराणसी तथा प्रयागराज की ओर बड़ी संख्या में प्रतिदिन यात्री ट्रेनों और मालगाड़ियों का आवागमन होता है। लगभग तीस हजार यात्रियों का प्रतिदिन इस स्टेशन पर आवागमन होता है। बड़ी संख्या में कोयला लादकर उत्तर भारत की ओर जाने वाली मालगाड़ियां इस स्टेशन से होकर गुजरती हैं।

अपनी समग्रता में पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन आम यात्रियों को देश के लगभग सभी प्रमुख शहरों तक ट्रेन सुविधा प्रदान करने वाला तथा रेल परिचालन को गतिमान रखते हुए उत्तर भारत की ऊर्जा आवश्यकताओं की त्वरित पूर्ति में सहायक भारतीय रेल का अति महत्वपूर्ण केंद्र है। कार्यक्रम में मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल समेत गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Back to top button