चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौली कृषि मंडी में धमके कमिश्नर, किसानों ने खोली धान खरीद की पोल

चंदौली। कृषि प्रधान जनपद में धान खरीद की शासन की मंशा को अधिकारी परवान नहीं चढ़ने दे रहे। किसानों को अपनी उपज बेचने में दुश्वारी का सामना करना पड़ रहा। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने रविवार को जिले के विभिन्न धान क्रय केंद्रों के निरीक्षण किया। कृषि मंडी पहुंचे तो यहां किसानों ने शिकायतों का पुलिंदा रखते हुए धान खरीद की पोल खोल दी। अन्नदाताओं ने कहा कि रजिस्ट्रेशन व नंबर लगाने के बाद अभी तक टोकन नहीं मिला। भुगतान के लिए भी लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। कमिश्नर ने लापरवाही पर अफसरों को चेताया। सही ढंग से धान खरीद के निर्देश दिए। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने भी धान खरीद में लगे अधिकारियों को चेताया कि शासन की मंशा के अनुरूप धान की खरीद नहीं की गई तो पूरी रिपोर्ट ऊपर तक जाएगी। योगी जी की सरकार में लापरवाही पर कार्रवाई तय है।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले पड़ाव क्षेत्र के सेमरा स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। रजिस्टर में अंकित किसानों के नंबरों पर फोनकर खरीद के बारे में जानकारी ली। किसानों ने केंद्र पर धान बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद नवीन कृषि मंडी स्थित क्रय केंद्र पहुंचे। केंद्र पर धान बेचने के लिए कई दिनों से चक्कर काट रहे किसानों ने उन्हें देखते ही घेर लिया। किसानों ने टोकन न दिए जाने की शिकायत की। वहीं भुगतान में विलंब की समस्या से भी अवगत कराया। बोले, टोकन पाने में दिक्कत हो रही है। लापरवाही पर मंडलायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को सही ढंग से धान खरीद और भुगतान की हिदायत दी। बोले, केंद्रों पर मानक के अनुरूप धान की खरीदा जाए। किसानों से खरीदे गए धान का उठान भी होता रहे, ताकि दूसरे अन्नदाताओं को अपना अनाज रखने के लिए जगह मिल सके। जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल, अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार, सदर एसडीएम विजयनारायण सिंह, डिप्टी आरएमओ अनूप कुमार श्रीवास्तव मौजूद थे।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!