चंदौलीराज्य/जिलाविधान सभा चुनाव

चंदौलीः नौकरी पेशा लोगों की पहली पसंद बनी सपा, सपा प्रत्याशियों को पोस्टल बैलेट से मिले खूब वोट, जानिए किस प्रत्याशी को कितने वोट मिले

चंदौली। विधानसभा चुनाव में जनता ने भले ही भाजपा पर भरोसा जताया और सपा को नकार दिया हो, लेकिन नौकरी-पेशा लोगों ने सपा को तरजीह दी। सपा की पुरानी पेंशन बहाली, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों का समायोजन समेत अन्य चुनावी घोषणाओं के चलते पोस्टल बैलेट के जरिए प्राप्त मतों में सपा आगे रही। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भाजपा उम्मीदवारों से तीन गुना अधिक वोट सपा प्रत्याशियों को मिले।

जानिए विधानसभावार किस प्रत्याशी को कितना वोट मिला
आयोग की वेबसाइट से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, चकिया विधानसभा में सपा प्रत्याशी जितेंद्र कुमार को पोस्टल बैलेट से 550 वोट मिले, जबकि भाजपा के कैलाश को 212 मत मिले। इसके अलावा कम्युनिष्ट पार्टी आफ इंडिया के प्रत्याशी जयनाथ को मात्र एक, कांग्रेस प्रत्याशी रामसुमेर राम को तीन, बसपा के विकास आजाद को 67, जन अधिकार पार्टी सुभाष सोनकर को आठ, निर्दलीय कमला सोनकर व रामअवध यादव को एक-एक वोट मिले। एक मतदाता ने नोटा पर भी वोट दिया है। कुल 844 मत मिले थे। मुगलसराय में भाजपा प्रत्याशी रमेश जायसवाल को 262 तो सपा के चंद्रशेखर को 476, बसपा के इरशाद अहमद को 112, कांग्रेस के छब्बू पटेल को आठ, समग्र उत्थान पार्टी के अजीत कुमार सिंह को एक वोट मिला। इसी तरह अन्य प्रत्याशियों को एक अथवा दो वोट मिले। यहां पोस्टल बैलेट से कुल 879 मत पड़े थे। सैयदराजा में पोस्टल बैलेट से कुल 1174 वोट पड़े थे। इसमें बसपा के अमित यादव लाला को 154, सपा के मनोज कुमार को 654 तो भाजपा के सुशील सिंह को 345 वोट मिले। इसी तरह कांग्रेस, जन अधिकार पार्टी व अन्य दलों के प्रत्याशियों को दो-चार वोट मिले थे। दो मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना था। इसी तरह सकलडीहा विधानसभा में पोस्टल बैलेट से 1713 वोट पड़े थे। सपा प्रत्याशी प्रभुनारायण सिंह यादव को 1019 वोट मिले। भाजपा के सूर्यमुनी तिवारी को 402, बसपा के जयश्याम को 253 वोट मिले। इसी तरह अन्य दलों के प्रत्याशियों को भी दो-तीन वोट मिले। एक मतदाता ने किसी प्रत्याशी पर भरोसा न जताते हुए नोटा का विकल्प चुना।

Back to top button
error: Content is protected !!