
चंदौली। एमएलसी पद दिलाने के नाम पर 17 लाख 22 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने और रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने के मामले में अलीनगर पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सोमवार सुबह जीटीआर पुल की बायीं पटरी के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया अभियुक्त चन्द्रबहादुर मौर्य पुत्र खरपत्तू मौर्य निवासी ग्राम पिपरी, थाना भदोही, जिला संत रविदास नगर का रहने वाला है और उसकी उम्र करीब 41 वर्ष है। उसके खिलाफ अलीनगर थाने में एमएलसी पद दिलाने के नाम पर रुपये ऐंठने का मुकदमा दर्ज है।
मामले में वादिनी रीता चिरई पत्नी दशरथ, निवासी ग्राम कैली पोस्ट कुरहना, थाना अलीनगर ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि चन्द्रबहादुर मौर्य ने एमएलसी पद दिलाने का झांसा देकर उनसे कुल 17 लाख 22 हजार रुपये ले लिए। काफी समय बीतने के बाद जब वादिनी ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। प्रार्थना पत्र के आधार पर अलीनगर थाने में 7 दिसंबर 2025 को मुकदमा अपराध संख्या 565/2025 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया था। मामले की विवेचना के दौरान पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
उच्चाधिकारियों के निर्देशन और प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सोमवार को मुखबिर से आरोपी के संबंध में सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने सुबह करीब 8:05 बजे गंजीप्रसाद तिराहे के आगे जीटीआर पुल की बायीं पटरी के पास घेराबंदी कर चन्द्रबहादुर मौर्य को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, निरीक्षक रमेश कुमार यादव, कांस्टेबल अली अहमद और कांस्टेबल आकाश सिंह शामिल रहे।

