ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: करंट से 22 साल के युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के रैथा ग्राम पंचायत में शनिवार को विद्युत करंट की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया। पुलिस ने घटना से अनभिज्ञता जताई है।

 

रैथा गांव निवासी कालजीत शनिवार दोपहर अपने घर में कुछ काम कर रहा था। उसी दौरान अचानक विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजनों ने तत्काल उसे कमालपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।

 

जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान देर शाम कालजीत ने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने दो भाइयों में बड़ा था। उसके छोटे भाई का नाम सुजीत है। पिता विजय यादव ट्रक चालक हैं और घटना के समय घर से बाहर थे। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए।

 

घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी बड़ी संख्या में मृतक के घर पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया। अचानक हुई इस दुर्घटना से पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। इस संबंध में धीना थाना प्रभारी दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस को सूचना दी जाती है और परिजन चाहेंगे तो शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जानकारी मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!