
चंदौली। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम के सम्मान में गुरुवार को सैयदराजा विधायक सुशील सिंह के नेतृत्व में भारत शौर्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यह यात्रा कमालपुर रामलीला मैदान से प्रारंभ होकर कमालपुर बाजार होते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. हरि नारायण अग्रहरि स्मृति द्वार (स्वामी शरण पीजी कॉलेज) तक निकाली गई। तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, जिन्होंने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों से पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारतीय सेना ज़िंदाबाद’ जैसे नारों की गूंज से कमालपुर की गलियां देशभक्ति में डूब गईं।
विधायक सुशील सिंह ने कहा कि “भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से न केवल देश के 140 करोड़ नागरिकों के गौरवान्वित होने का मौका दिया, बल्कि पूरी दुनिया में भारत की ताकत और सम्मान को स्थापित किया है। यह तिरंगा यात्रा हमारे राष्ट्रीय स्वाभिमान और देशभक्ति की भावना का प्रतीक है।” विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने यह संकल्प लिया है कि पाकिस्तान पोषित आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई की जाएगी और ऑपरेशन सिंदूर उसी दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने इस ऑपरेशन को देश की हर महिला के सम्मान की जीत बताया।
इस मौके पर अजय सिंह (ब्लॉक प्रमुख धानापुर), सुशील सिंह (जनौली), राजेश सिंह (पूर्व जिला उपाध्यक्ष), राधेश्याम सिंह, श्रीराम चौबे, नंद कुमार पांडे, राजेश तिवारी, चंद्रभान मौर्या (मंडल अध्यक्ष धानापुर पूर्वी), मृत्युंजय सिंह दीपू, गुलाब मौर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिक शामिल थे।