ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: स्वतंत्रता दिवस पर होंगे विविध आयोजन, सीडीओ व एडीएम ने मीटिंग में तैयारियों की समीक्षा की, दिए निर्देश

चंदौली। स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमापूर्ण और व्यवस्थित ढंग से मनाने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

 

बैठक में तय कार्यक्रम के अनुसार स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत सुबह 7 बजे स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी से होगी। इसके बाद 7:30 बजे क्रॉस कंट्री दौड़ आयोजित की जाएगी। सुबह 8 बजे कलेक्ट्रेट सहित सभी सरकारी, गैर-सरकारी भवनों और शिक्षण संस्थानों में ध्वजारोहण व राष्ट्रगान होगा।

 

शहीद स्मारकों पर अर्पित होगी श्रद्धांजलि

 

सुबह 8:15 बजे नगर पंचायत चन्दौली परिसर स्थित शहीद स्मारक पर जिलाधिकारी, नगर पंचायत अध्यक्ष और अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। वहीं 9 बजे नगर पंचायत सैयदराजा तथा सकलडीहा (बरठी) स्थित शहीद स्मारकों पर माल्यार्पण किया जाएगा। इस दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।

 

धानापुर शहीद स्मारक पर सुबह 9:30 बजे ध्वजारोहण और सलामी दी जाएगी। इसी समय जिला चिकित्सालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे।

 

शाम को कवि सम्मेलन और सांस्कृतिक कार्यक्रम

 

स्वतंत्रता दिवस की संध्या 7 बजे नगर पालिका परिषद मुगलसराय में कवि सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बैठक में पौधरोपण सहित अन्य कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से आयोजित करने पर जोर दिया गया।

 

सीडीओ और एडीएम ने जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उप जिलाधिकारियों, क्षेत्राधिकारियों और अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रमों को पूरी निष्ठा और भव्यता के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी सरकारी कार्यालयों में साफ-सफाई और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

 

Back to top button
error: Content is protected !!