
चंदौली। बबुरी थाना क्षेत्र के गौरी गांव में कथित धर्म परिवर्तन के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों पर लोगों को कथित तौर पर अनुचित प्रभाव में लेकर आर्थिक प्रलोभन देने और हिंदू धर्म से ईसाई धर्म में धर्म परिवर्तन कराने का प्रयास करने का आरोप है। पुलिस ने मौके से धर्म प्रचार से संबंधित सामग्री भी बरामद होने की बात कही है।
पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को गौरी गांव निवासी अशोक के घर पर कुछ लोगों के एकत्र होने और ईसाई धर्म के प्रचार-प्रसार की सूचना मिली थी। आरोप है कि वहां क्षेत्र के लोगों को मुफ्त में पैसे देने तथा भविष्य में आर्थिक लाभ मिलने का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित किया जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच की और मौके से प्रचार-प्रसार से संबंधित सामग्री मिलने की बात कही।
घटना के संबंध में थाना बबुरी में मु0अ0सं0 113/26 के तहत उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, 2021 की धारा 3/5(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमे में वांछित आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने सोमवार को आशीष नारायण पुत्र वंश नारायण, निवासी बड़गांवां, थाना शहाबगंज और अशोक पुत्र बाढ़ू, निवासी गौरी, थाना बबुरी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी रही।
पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपों की पुष्टि विवेचना और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक संजीत कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामभवन यादव, हेड कांस्टेबल विजय शंकर और कांस्टेबल अजीत चौहान शामिल रहे।

