
चंदौली। जिले में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक विशाल राजभर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी विष्णु सोनकर गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा सकलडीहा कस्बे के पास कुचमन रेलवे स्टेशन के निकट उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक से जा रहे थे।
तेंदूईपुर गांव निवासी विशाल राजभर अपने मित्र विष्णु सोनकर के साथ रात करीब 9 बजे एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मुगलसराय की ओर जा रहा था। जैसे ही उनकी बाइक कुचमन स्टेशन के पास एक मोड़ पर पहुंची, अचानक असंतुलित हो गई और रेल पटरी के स्लीपर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। घायलों को तत्काल सकलडीहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद विशाल की हालत नाजुक देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि, जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
दूसरी ओर, विष्णु सोनकर का इलाज जिला अस्पताल में जारी है और उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सकलडीहा कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

