
चंदौली। संभावित बाढ़ और गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को नियामताबाद विकासखंड के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कुण्डा खुर्द, सुल्तानीपुर, सहजौर और कैली समेत तटीय इलाकों का भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। डीएम ने ग्रामीणों को प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नदियों के किनारे हो रहे कटान की समस्या जिलाधिकारी के सामने रखी। ग्रामीणों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने बंधी विभाग के अधिशासी अभियंता से फोन पर बातचीत की और कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर को विशेष जांच कमेटी गठित कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने को कहा। साथ ही कटान की रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राहत सामग्री और पशुधन की सुरक्षा पर जोर
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने प्रभावित होने वाले क्षेत्रों में भोजन, स्वच्छ पेयजल और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही बाढ़ की स्थिति में ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था पहले से तैयार रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने पशुधन की सुरक्षा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ की स्थिति में मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके लिए पर्याप्त चारा और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुपालकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
विद्यालय और स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण
भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कुण्डा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और जन आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में उन्होंने पठन-पाठन और साफ-सफाई की स्थिति देखी। यहां व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने आवश्यक व्यवस्थाओं को बनाए रखने के निर्देश दिए।

सामुदायिक शौचालय के निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने खंड विकास अधिकारी नियामताबाद और केयरटेकर को कड़ी फटकार लगाते हुए सामुदायिक शौचालय को तत्काल साफ कराकर नियमित रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए।
जन आरोग्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान डीएम ने उपचार करा रही महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। मरीजों ने डॉक्टरों की कार्यप्रणाली और उपचार व्यवस्था पर संतोष व्यक्त किया। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने तथा मरीजों को समय से उपचार उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, खंड विकास अधिकारी नियामताबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से पहले सभी जरूरी इंतजाम पूरे कर लिए जाएं और किसी भी आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू करने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।

