ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: अलीनगर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति समेत ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कुछमन गांव में शनिवार देर रात 23 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विवाहिता का शव घर के अंदर साड़ी के फंदे से लटका मिला। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मृतका के पिता की तहरीर पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस के अनुसार कुछमन गांव निवासी राहुल कुमार की पत्नी रोशनी (23) का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। रोशनी की शादी वर्ष 2023 में झांसी निवासी कपिल देव प्रसाद की पुत्री के रूप में राहुल कुमार से हुई थी। दंपती का 11 माह का एक बेटा भी है। बताया गया कि शनिवार शाम राहुल ड्यूटी से घर लौटा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई। बिजली न होने के कारण राहुल अपने 11 माह के बेटे को लेकर छत पर सोने चला गया। उसके अनुसार रोशनी ने भी थोड़ी देर में ऊपर आने की बात कही थी। कुछ समय बाद जब वह नीचे आया तो पत्नी का शव कमरे में साड़ी के फंदे से लटका मिला।

 

घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Back to top button
error: Content is protected !!