
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में आपसी विवाद के दौरान उस समय हड़कंप मच गया, जब ग्राम प्रधान की लाइसेंसी पिस्टल सड़क पर गिर गई। आरोप है कि पिस्टल गिरते ही प्रधान के बेटे ने उसे उठाकर दूसरे पक्ष के लोगों की ओर लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को लाइसेंसी पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, अमिलाई गांव में वर्तमान प्रधान और आगामी ग्राम प्रधान चुनाव की तैयारी कर रहे दूसरे पक्ष के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसी दौरान धक्का-मुक्की और गहमागहमी के बीच वर्तमान प्रधान की कमर में धोती के भीतर रखी लाइसेंसी पिस्टल अचानक निकलकर सड़क पर गिर गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिस्टल गिरते ही प्रधान के बेटे ने उसे उठा लिया और खुलेआम हाथ में लहराते हुए दूसरे पक्ष के लोगों को गालियां देने लगा। आरोप है कि उसने पिस्टल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के दौरान मौजूद किसी ग्रामीण ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद बलुआ पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर मामले की जांच की और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई। बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बरामद पिस्टल वर्तमान ग्राम प्रधान के नाम पर पंजीकृत लाइसेंसी असलहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान पिस्टल सड़क पर गिर गई थी, जिसे प्रधान के बेटे ने उठाकर दूसरे पक्ष को धमकाया। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

